
सिरसी (सम्भल)। बज़्म-ए-शोअरा-ए-सादात सिरसी क़दीमी (रजि.) के ज़ेरे-एहतिमाम मासिक नशिस्त का आयोजन सिरसी के मोहल्ला शर्की स्थित रेलवे स्टेशन रोड पर इब्ने मोहम्मद मरहूम के मकान पर किया गया। इस अदबी महफ़िल में बड़ी संख्या में शोअरा-ए-किराम ने शिरकत की और अपने कलाम से श्रोताओं की ख़ूब दाद हासिल की।
महफ़िल का आग़ाज़ तिलावते-हदीसे-किसा से हुआ, जिसकी सआदत मौलाना सैयद जावेद अब्बास को हासिल हुई। नशिस्त की निज़ामत शायर-ए-अहलेबैत नईम ज़िया सिरसीवी ने अपने ख़ास अंदाज़ में की।
नशिस्त के लिए निर्धारित मिसरा “मौत की दीवार में भी दर बनाया जाएगा” की ज़मीन पर शायरों ने अपने अशआर पेश किए। कलाम में करबला, इमाम हुसैन की कुर्बानी, हज़रत अब्बास की वफ़ा और अहलेबैत-ए-अतहार की अज़मत के जज़्बात देखने को मिले।
इस अवसर पर सबा सिरसीवी, रज़ी सिरसीवी, नश्तर सिरसीवी, नईम ज़िया सिरसीवी, मौलाना आबिस मेहदी, मौलाना जावेद अब्बास, दानिश ग़दीरी सिरसीवी, मौलाना गुफ़रान रज़ा, मास्टर चांद खां सिरसीवी, मेहदी सिरसीवी, मौलाना नजफ़ सिरसीवी, शमीम सिरसीवी, तमसील सिरसीवी, राना सिरसीवी, डॉ. मुस्तक़ीम सिरसीवी, अली काज़िम सिरसीवी, शौकी सिरसीवी, नूर सिरसीवी, गुलशन सिरसीवी, रज़ा वारसी, मेहदी अब्बास, समीर सिरसीवी, शाबान सिरसीवी, सादिक़ सिरसीवी, गुलाब सिरसीवी, मुंतक़िम सिरसीवी, जैगम सिरसीवी एडवोकेट, फैज़ सिरसीवी, आयान सिरसीवी, काज़िम सिरसीवी और कलीम सिरसीवी सहित तमाम शायरों ने अपने-अपने कलाम पेश किए।
शायरों के अशआर पर महफ़िल में मौजूद लोगों ने भरपूर दाद और वाह-वाही दी। पूरी नशिस्त के दौरान अदब, शायरी और मोहब्बत-ए-अहलेबैत का ख़ूबसूरत रंग देखने को मिला।
अंत में बज़्म के कन्वीनर मेहदी सिरसीवी तथा अराकीन दानिश ग़दीरी सिरसीवी, मौलाना जावेद अब्बास, मौलाना नजफ़ सिरसीवी और शमीम सिरसीवी ने सभी शायरों एवं मेहमानों का शुक्रिया अदा किया। महफ़िल के आख़िर में मुल्क की तरक़्क़ी, ख़ुशहाली और अमन-ओ-अमान के लिए ख़ुसूसी दुआ की गई। इस तरह यह अदबी नशिस्त देर रात तक चली और यादगार महफ़िल के रूप में संपन्न हुई।