
सम्भल। नगर पंचायत सिरसी के कार्यालय में शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आगामी शीत ऋतु को देखते हुए नागरिकों को राहत पहुंचाने से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में सभी प्रस्तावों को सदस्यों की सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में आकांक्षी योजना के अंतर्गत नगर में विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत पार्क, खेल मैदान, आंगनबाड़ी केंद्र, इंटरलॉकिंग सड़क, नाली निर्माण और पथ प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजने पर सहमति बनी। इन कार्यों के पूरा होने से नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
वहीं, आगामी सर्दी के मौसम को देखते हुए नगर पंचायत के सभी वार्डों में अलाव की व्यवस्था कराने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसका उद्देश्य ठंड के मौसम में आम नागरिकों, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना है।
इसके अलावा नगर के सभी वार्डों में शेष रह गई पाइपलाइन बिछाने के कार्य को पूरा कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इससे पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों तक पानी की सुविधा पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कौसर अब्बास ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी आदित्य प्रकाश ने किया। इस दौरान लिपिक रईस अहमद सहित निर्वाचित सभासद आदित्य वीर रस्तोगी, फरहत अब्बास, अनवरी, तबस्सुम नाज, खुर्शीद, खैरूल निशा, कयामुद्दीन, चंचल सैनी, हुरन बानो, मौहम्मद साहिर, आशिक अब्बास, इनामुल हक, हबीब रजा, इरफान हैदर एवं हाशिम अली सहित सभी 15 निर्वाचित सदस्य मौजूद रहे।
इसके साथ ही नामित सदस्य कु. वंदना, विजय कुमार गुप्ता और अनिल श्रीमाली ने भी बैठक में प्रतिभाग किया।
बैठक में पारित प्रस्तावों से स्पष्ट है कि नगर पंचायत बोर्ड का जोर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और नगर के समग्र विकास को आगे बढ़ाने पर है। आगामी दिनों में इन प्रस्तावों को अमलीजामा पहनाए जाने की दिशा में कार्यवाही की जाएगी।