सिरसी (सम्भल)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को नगर पंचायत सिरसी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों को उपहार, मिठाई और प्रशस्ति-पत्र देकर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9 बजे नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि समर अब्बास ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वच्छता के संदेश पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को भी याद किया गया।
इसके बाद नगर पंचायत परिसर में वृक्षारोपण एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित लोगों ने स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण का संदेश देते हुए साफ-सफाई के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत सफाई मित्रों का सम्मान
नगर पंचायत सिरसी में आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों को उपहार, मिठाई और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सफाई कर्मचारी प्रतिदिन मेहनत करके गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में अपना योगदान देते हैं। उनके समर्पण और मेहनत से ही नगर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। कहा गया कि देश और समाज को गंदगी से आजादी दिलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संकल्प ले, तो स्वच्छ भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान वार्ड सभासदों, सफाई मित्रों और अन्य उपस्थित लोगों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ की शपथ ली। सभी ने स्वच्छता के प्रति स्वयं जागरूक रहने और नगर के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। लोगों से अपील की गई कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें।
वृक्षारोपण और श्रमदान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर स्वच्छता, हरियाली और जनभागीदारी को एक स्वच्छ एवं सुंदर नगर के निर्माण के लिए आवश्यक बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महापुरुषों के आदर्शों को याद करने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में वार्ड सभासद आदित्यवीर रस्तोगी, कयामुद्दीन, सभासद प्रतिनिधि मीसम अब्बास, आशिक अब्बास, इनामुल हक़, इशफान हैदर, लिपिक रईस अहमद नामित सदस्य विजय कुमार गुप्ता, अनिल श्री माली सहित नगर पंचायत के र्मचारीगण एवं नगर के सम्मानित लोग मौजूद रहे।
